Test Index

CBSE Class 12 Hindi Core 2025 Paper 2/2/1 Get it on Google PlayDownload on the App Store

© examsnet.com
Question : 1 of 12
Marks: +1, -0
निम्नलिखित गद्यांश को ध्यानपूर्वक पढ़कर दिए गए प्रश्नों के उत्तर लिखिए :   [10]
इतिहास से विरासत में हमें ‘भारतीय संगीत’ जैसी अमूल्य निधि मिली है। अन्य देशों के संगीत की अपेक्षा इसकी विशेषता हमारे पूर्वजों की मान्यता के आधार पर है। भारत में संगीत क्षणिक आमोद-प्रमोद या अतृप्त तृष्णा की वस्तु न होकर, समस्त ब्रह्मांड से ऐक्य का आभास है, आनंद प्रदान करने वाली आध्यात्मिक साधना है। मानव को ब्रह्म तक ले जाने वाला मार्ग है। संगीत के इस स्वभाव और ध्येय को हमारी सभ्यता के प्रारंभ में ही हमारे देश के लोगों ने पहचान लिया था और इसका विकास इन्हीं आदर्शों के अनुकूल किया गया था। भारतवासियों के संगीत-प्रेमी होने की बात का उल्लेख मैगस्थनीज़ भी कर गए हैं। दूसरी शताब्दी ई.पू. में उन्होंने ‘इन्डिका’ नामक अपने ग्रंथ में लिखा है कि ‘सब जातियों की अपेक्षा भारतीय लोग संगीत के कहीं अधिक प्रेमी हैं।’
सहस्रों वर्षों से हमारे घरेलू और सांसारिक जीवन में लगभग सभी काम किसी न किसी प्रकार के संगीत से आरंभ होते रहे हैं। जन्म से लेकर मृत्यु तक यह संगीत हमारे साथ बना रहता है। नामकरण, कर्णच्छेदन, विवाह इत्यादि में तो संगीत होता ही है। साथ ही ऐसा कोई तीज-त्योहार नहीं होता जिसमें संगीत न हो। घर में ही क्यों, हमारे यहाँ तो खेत में, चौपाल में, चक्की चलाने में और धान कूटने के समय भी संगीत चलता ही रहता है। यह हमारे जन-जीवन के उल्लास को प्रकट करने का प्रभावी साधन है ही, साथ में उसको गतिमान बनाने का भी प्रबल अस्त्र है। संगीत रचनात्मक कार्यों में अग्रसर होने की सामूहिक स्फूर्ति और प्रेरणा प्रदान करता है और वह सामूहिक शक्ति देता है, जो हमें उन कार्यों को करने योग्य बनाता है जो अकेले या समूह में संगीत की प्रेरणा के बिना नहीं कर पाते।
(i) संगीत वह अमूल्य निधि है जो –  [1]
(A) मानव को ब्रह्म तक ले जाने का मार्ग है।
(B) अतृप्त साधनों की पूर्ति में सहायक है।
(C) हमारे लक्ष्य पर पहुँचने का मार्ग है।
(D) कुछ ही लोगों के लिए सुखकारक है।
(ii) संगीत के प्रभाव को भारतीयों ने कब पहचाना ?  [1]
(A) हमारी सभ्यता से भी पहले
(B) हमारी सभ्यता के प्रारंभ में
(C) यूनानी सभ्यता के आगमन पर
(D) सृष्टि की रचना होते ही
(iii) निम्नलिखित कथन तथा कारण को ध्यान से पढ़कर सर्वाधिक उचित विकल्प का चयन कर लिखिए :  [1]
कथन : संगीत जन-जीवन के उल्लास को प्रकट करने का प्रभावी साधन है।
कारण : हमारे सभी कार्य किसी न किसी प्रकार के संगीत से आरंभ होते हैं।
(A) कथन और कारण दोनों गलत हैं।
(B) कारण सही है लेकिन कथन गलत है।
(C) कथन और कारण दोनों सही हैं लेकिन कारण कथन की सही व्याख्या नहीं करता है।
(D) कथन और कारण दोनों सही हैं तथा कारण कथन की सही व्याख्या करता है।
(iv) भारतीय जनमानस में संगीत की क्या महत्ता है ? किन्हीं दो बिंदुओं का उल्लेख कीजिए।  [2]
(v) ‘संगीत जीवन-पर्यंत हमारे साथ बना रहता है’ – किन्हीं चार उदाहरणों से इस कथन की पुष्टि कीजिए।  [2]
(vi) रचनात्मक कार्यों में संगीत की भूमिका को स्पष्ट करने वाले दो बिंदुओं का उल्लेख कीजिए।  [2]
(vii) गाँवों में संगीत की लोकप्रियता को प्रकट करने वाले दो उदाहरणों का उल्लेख कीजिए।  [1]
Advertisements
Go to Question: